Mission Life: बनारस स्टेशन से गूंजी पर्यावरण चेतना की पुकार: प्लास्टिक मुक्त भविष्य की ओर कदम



रेलवे डेस्क। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी मंडल द्वारा बनारस रेलवे स्टेशन पर ‘मिशन लाइफ’ के तहत वृक्षारोपण, पर्यावरण अनुकूल प्रदर्शनी, ड्राइंग प्रतियोगिता और विविध जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक विनीते कुमार श्रीवास्तव द्वारा की गई, जबकि नेतृत्व वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (Enhm) अभिषेक राय ने किया।

वैश्विक स्तर पर जनजागरूकता

इस अवसर पर आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक ने रेल परिवार और यात्रियों को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण को लेकर वैश्विक स्तर पर जनजागरूकता बढ़ाने के लिए 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि यह दिवस पहली बार 1974 में मनाया गया था और 2025 की थीम है—“प्लास्टिक प्रदूषण को हराएं” (Beat Plastic Pollution)। इस थीम के अंतर्गत प्लास्टिक मुक्त पर्यावरण की दिशा में एकल-उपयोग प्लास्टिक को कम करने तथा पुन: प्रयोज्य और टिकाऊ विकल्पों को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया गया।

प्लास्टिक प्रदूषण के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाई

बनारस स्टेशन पर भारत स्काउट एंड गाइड की टीम द्वारा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से प्लास्टिक प्रदूषण के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाई गई। मंडल रेल प्रबंधक, अपर मंडल रेल प्रबंधकों, वरिष्ठ अधिकारियों एवं स्टेशन कर्मचारियों के साथ स्टेशन परिसर में वृक्षारोपण और स्वच्छता रैली भी निकाली गई। वहीं, लहरतारा स्थित अधिकारी कॉलोनी में मंडल महिला कल्याण संगठन द्वारा प्रभात फेरी और वृक्षारोपण का आयोजन किया गया।

अधिकारियो नें लिया शपथ

पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली को अपनाने हेतु लगभग 200 रेल यात्रियों और कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई:

“मैं प्रतिज्ञा करता/करती हूँ कि पर्यावरण को बचाने के लिए अपने दैनिक जीवन में हर संभव बदलाव लाऊंगा / लाऊंगी। मैं यह भी वचन देता / देती हूँ कि अपने परिवार, मित्रों और अन्य लोगों को पर्यावरण के अनुकूल आदतों और व्यवहारों के महत्व के विषय में सतत रूप से प्रेरित करूंगा/करूंगी।”

 

22 मई, 2025 से ही वाराणसी मंडल में ‘End Plastic Pollution’ थीम पर आधारित विशेष अभियान चलाया गया। इसके अंतर्गत स्टेशनों, कोचिंग डिपो और रेलवे कॉलोनियों में वृक्षारोपण, नुक्कड़ नाटक, निबंध एवं पेंटिंग प्रतियोगिताएं, प्लास्टिक विरोधी प्रदर्शनी और पर्यावरण अनुकूल वस्तुओं का वितरण जैसे कार्यक्रम संपन्न हुए। यात्रियों और स्थानीय लोगों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनके कर्तव्यों के बारे में जागरूक किया गया।

इस अभियान में शामिल स्थानीय कर्मचारियों को ड्राइंग और निबंध प्रतियोगिता में भागीदारी के लिए मंडल रेल प्रबंधक द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) राजेश कुमार सिंह, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रास्ट्रक्चर) अजय सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक आर. जे. चौधुरी, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त एस. रामाकृष्णन, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (C&W) अभिनव पाठक, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (कर्षण) आर. एन. सिंह, वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक नीतेश अग्रवाल, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (ऑपरेशन) राहुल यादव, मंडल कार्मिक अधिकारी (इंचार्ज) अभिनव सिंह सहित कई अधिकारियों और कर्मचारियों ने योगदान दिया।

Share This News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *