
छपरा। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आज छपरा जंक्शन पर पर्यावरण संरक्षण को लेकर विविध जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। रेलवे कर्मचारियों और यात्रियों को पर्यावरण सुरक्षा के प्रति सजग करने के उद्देश्य से एक रैली निकाली गई, जिसमें पर्यावरण को संरक्षित रखने तथा अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का संदेश दिया गया।
स्टेशन परिसर में पौधारोपण कर हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया गया। इसके साथ ही नुक्कड़-नाटक के माध्यम से स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देकर यात्रियों को प्लास्टिक से होने वाले नुकसान और स्वच्छ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
यात्रियों को जागरूक करने के उद्देश्य से पर्यावरण अनुकूल कॉटन बैग भी वितरित किए गए, ताकि वे सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग न करें।
इस अभियान में स्टेशन डायरेक्टर राजेश कुमार, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक सुधीर कुमार निराला, स्टेशन अधीक्षक राजन कुमार, रेलवे सुरक्षा बल प्रभारी, सुपरवाइजर अभिषेक ओझा, सनी समेत कई कर्मचारियों ने भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया।